आगरा, 08 अगस्त (Udaipur Kiran) । मिस टीन अर्थ 2025 में शामिल हो रहीं भारत समेत 11 देशों की सुंदरियां गुरुवार को ताजमहल के दीदार करने पहुंचीं। ताज की खूबसूरती का दीदार करने के दौरान बड़ी संख्या में सैलानियों ने उनके साथ सेल्फी खिंचाई। वहीं, सुंदरियों ने टूरिस्ट गाइड से ताजमहल के इतिहास, वास्तुकला, पच्चीकारी, पच्चीकारी में प्रयुक्त बेशकीमती पत्थरों के साथ ही ताजमहल के रखरखाव के बारे में भी जानकारी ली। इसके साथ ही शाहजहां व मुमताज की प्रेम कहानी को भी सुना। यमुना के साथ ही शाहजहां और मुमताज की असली कब्र के बारे में भी जानकारी ली।
मिस टीन अर्थ 2025 की 11 देशों की फाइनलिस्ट शुक्रवार ताजमहल का दीदार करने आगरा पहुंचीं, इनमें स्पेन, मेक्सिको, फिलीपींस, भारत, नेपाल, नीदरलैंड, वियतनाम, कनाडा, कंबोडिया, क्यूबा और श्रीलंका की सुंदरियां शामिल थीं। इन सुंदरियों ने जैसे ही सफेद संगमरमर के विश्व प्रसिद्ध स्मारक को देखा तो उनकी आंखों में चमक आ गई और मुस्कराते हुए जमकर प्रशंसा की। ताजमहल के मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही ताज परिसर में पर्यटकों की भीड़ उनके साथ तस्वीर लेने के लिए उमड़ पड़ी। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भारत से मिस टीन अर्थ इंडिया खुशी यादव, मिस टीन यूनिवर्स इंडिया निरंजना तिवारी, मिस टीन इंटरनेशनल इंडिया दिव्या वाधवा, मिस टीन मल्टीनेशनल रुचि जाधव और मिस टीन दिवा फर्स्ट रनर-अप आरना चतुर्वेदी भी मौजूद रहीं। सुंदरियों ने ताजमहल की अनोखी वास्तुकला, नाजुक पच्चीकारी और शाहजहां-मुमताज की ऐतिहासिक प्रेमगाथा को नजदीक से देखा और जाना। उन्होंने ताज के असली मकबरे की स्थिति, रखरखाव की प्रक्रिया और यमुना पार से दिखने वाले विहंगम दृश्य को भी देखा। इस खास मौके पर सभी ने भारतीय पारंपरिक परिधान और आभूषण पहनकर ताजमहल के साथ तस्वीरें लीं और वीडियो रिकॉर्ड किए। इनमें उनकी भाव-भंगिमा भारतीय संस्कृति में रची-बसी नजर आई। मिस टीन अर्थ 2025 की 11 फाइनलिस्ट में कंबोडिया की लखीना, क्यूबा की लिया रेयेस, भारत की खुशी यादव, नेपाल की प्रिंसेस मल्ला, स्पेन की सोफिया लोरेंटे, नीदरलैंड की जांथे विट, वियतनाम की लिन्ह, कनाडा की मिशा, मेक्सिको की जोहाना गोंजालेज, फिलीपींस की मेरिडिथ बोबाडीला और श्रीलंका की माविथी पुनसरानी शामिल रहीं। ताजमहल की भव्यता और सौंदर्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. विदेशी मेहमानों की यह मौजूदगी ताज परिसर के लिए एक यादगार पल बन गई।
(Udaipur Kiran) / महेश कुमार
You may also like
बड़ी इलायची के अद्भुत स्वास्थ्य लाभ: जानें इसके 26 फायदे
Aaj ka Rashifal 9 August 2025 : मेष से मीन तक, कौन होगा विजेता और किसके लिए दिन होगा चुनौतीपूर्ण
71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में विजेताओं की घोषणा
Aaj ka Love Rashifal 9 August 2025 : दिल की धड़कनें तेज होंगी या होंगे दूरियां? पढ़ें आज का लव राशिफल
महेश बाबू की फिल्म 'अथाड़ू 4K' ने फिर से बुकिंग में मचाई धूम