Next Story
Newszop

(अपडेट) स्वदेशी अपनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है : मुख्यमंत्री योगी

Send Push

-सीएम योगी ने अलीगढ़ में ₹958 करोड़ की 186 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

अलीगढ़, 05 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद(ओडीओपी) योजना आज देश के अंदर एक मॉडल बनी हुई है। योगी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आज स्वदेशी अपनाना हम सब लोगों की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हमारा ही पैसा अगर हमारे ही कारीगर और हस्तशिल्पियों के पास जाएगा तो यह विकास और समृद्धि का आधार बनेगा। प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाने में निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेगी। सीएम योगी मंगलवार को अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में 958 करोड़ की 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अगर हमारा यह पैसा विदेशी हाथों में जाएगा तो आतंकवाद, धर्मांतरण, विस्फोट, भारत को अस्थिर करने के लिए भारत के खिलाफ ही इस्तेमाल किया जाएगा। योगी ने आने वाले सभी त्योहारों पर लोगों से अपने स्वजनों को स्वदेशी उत्पादों को गिफ्ट के रूप में देने की अपील की।

समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, सहायता राशि, टैबलेट, आवास की चाबियां और आयुष्मान कार्ड वितरित किए। स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और भगवान कृष्ण के रूप में सजे बच्चों को दुलारते हुए उन्हें चॉकलेट, माखन और खिलौने भेंट किए।

–अलीगढ़ को मिला 957 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उपहार

मुख्यमंत्री योगी ने अलीगढ़ को 957 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उपहार देते हुए कहा कि रक्षाबंधन के ठीक पहले अलीगढ़ को यह विकास का तोहफा समर्पित है। इन परियोजनाओं में पेयजल पुनर्गठन योजना, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, अतरौली से रेलवे स्टेशन मार्ग का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण, अतरौली में डिग्री कॉलेज और 900 किलोलीटर क्षमता के जलाशय का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त, कई अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, जो अलीगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। योगी ने कहा कि ये परियोजनाएं अलीगढ़ को एक नई पहचान देंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करेंगी।

–कल्याण सिंह ने अलीगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई

जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अलीगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने अलीगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनके सपनों को साकार करते हुए हम ओडीओपी के माध्यम से ताला उद्योग को नई ऊंचाइयां दे रहे हैं। उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय जल्द ही अलीगढ़ को उच्च शिक्षा का नया केंद्र बनाएगा, जो स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को जीवित रखने के साथ-साथ युवाओं को उज्ज्वल भविष्य प्रदान करेगा।

–भारत के हर दुश्मन को जवाब देने में सक्षम है ब्रह्मोस मिसाइल : मुख्यमंत्री

योगी ने कहा कि 2018 में शुरू हुआ डिफेंस कॉरिडोर आज ब्रह्मोस मिसाइल जैसे उन्नत हथियारों का उत्पादन कर रहा है। यह मिसाइल विश्व में अद्वितीय है और भारत के हर दुश्मन को जवाब देने में सक्षम है। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए भारत की सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ ड्रोन और हार्डवेयर उद्योग में भी अपनी पहचान बना रहा है, जो स्थानीय कारीगरों को रोजगार और समृद्धि प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान पर जोर देते हुए कहा कि सभी लोग स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अलीगढ़ और उत्तर प्रदेश दंगों और अराजकता से जूझ रहे थे। आज बेहतर कानून व्यवस्था के कारण निवेश और विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं। हाल ही में हुई 60,244 पुलिसकर्मियों की भर्ती में अलीगढ़ से 1,344 युवाओं का चयन हुआ, जिसे उन्होंने स्थानीय परिवारों के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि आगे हम यूपी पुलिस में 30 हजार और भर्तियां करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सरकारी नौकरियां कुछ परिवारों की बपौती थी, लेकिन अब चयन मेरिट के आधार पर हो रहा है।

सीएम ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के लिए उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सभी लोग अपने स्वजनों को स्वदेशी उत्पादों को उपहार में दें। इसके साथ योगी ने कहा कि सरकार 8 से 10 अगस्त तक महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा प्रदान कर रही है।

इस दौरान बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, सांसद सतीश गौतम, अनूप प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल, विधायक ठाकुर जयवीर सिंह, अनिल पाराशर, रवेंद्र पाल सिंह, राजकुमार सहयोगी, मुक्ता संजीव राजा, सुरेंद्र दिलेर, अंजुला सिंह, बीरेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, सत्यपाल सिंह राठौर, संजीव कुमार दिवाकर, वीरेंद्र सिंह लोधी, विपिन कुमार वर्मा समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / दिलीप शुक्ला

Loving Newspoint? Download the app now